सैनी, माली, कुशवाह आरक्षण संघर्ष समिति द्वारा 11 सूत्रीय मांगों को लेकर निकाली जा रही जन अधिकार यात्रा रविवार को दौसा जिले के सिकराय क्षेत्र में पहुंची। मेहंदीपुर बालाजी, मानपुर व सिकंदरा क्षेत्र में यात्रा का स्वागत किया गया। सिकंदरा में आयोजित मीटिंग में वक्ताओं ने कई मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरते हुए समाज के लोगों में जोश भरा। संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सैनी ने बताया कि सैनी, माली, कुशवाह, शाक्य, मौर्य और सुमन आदि जातियों को 12 प्रतिशत आरक्षण, महात्मा ज्योतिराव फुले बोर्ड को वित्तीय सहायता, सेना में सैनी रेजिमेंट का गठन करने, बागवानी विकास बोर्ड का गठन करने सहित कई मांगों को लेकर हलैना क्षेत्र के गांव गंधार से जन अधिकार यात्रा रवाना हुई थी। राज्य सरकार पर लगाए आरोप उन्होंने कहा कि मांगों को लेकर समाज के प्रतिनिधि मण्डल ने सरकार से कई बार मिलने के लिए समय मांगा, लेकिन सरकार उनकी मांगों को नजरअंदाज कर रही है। साथ ही पिछले आंदोलन के दौरान सरकार की ओर से दर्ज किए मुकदमों को वापस लेने का झूठा आश्वासन देकर समाज को ठगने का काम किया है। ऐसे में यदि सरकार उनकी मांगों पर कोई सुनवाई नहीं करती है तो 25 फरवरी को विधानसभा का घेराव किया जाएगा।


