अनगड़ा | सिकिदिरी थाना क्षेत्र के कुच्चू स्थित एक मेगा क्रशर प्लांट पर मंगलवार की देर रात 11:45 बजे अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग की। इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ। फायरिंग रजनीश सिंह के क्रशर में की गई। इसकी जिम्मेवारी देव सिंह मुंडा और गोल्डन यादव ने ली है। देव सिंह मुंडा पूर्व में पीएलएफआई का उग्रवादी रहा है। जबकि गोल्डन यादव खलारी इलाके का अपराधी है। कुछ दिनों पूर्व मैक्लुस्कीगंज इलाके में घटित एक हत्याकांड की घटना को भी इसी गिरोह के द्वारा अंजाम देने की बात आई थी। बताया जाता है कि क्षेत्र में दहशत फैलाने और रंगदारी वसूलने के लिए फायरिंग की गई है। इधर, सिकिदिरी थाना प्रभारी सचिन मिश्रा ने बताया कि अभी तक क्रशर में फायरिंग की घटना की कोई सूचना नहीं है। मामले का पता लगाया जा रहा है।


