कोटा शहर के महावीर नगर थाना क्षेत्र में सुभाष नगर बॉम्बे योजना में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घटना के महज़ 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कोटा सिटी एसपी तेजस्वनी गौत्तम ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष टीम का गठन किया गया। उन्होंने बताया कि 18 फरवरी को फरियादी सतीश अग्रवाल की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज किया गया। रिपोर्ट में बताया गया कि मृतक विक्रम सिंह पर कुछ युवकों ने अचानक हमला कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, साक्ष्य जुटाए गए और आरोपियों की पहचान कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। लगातार छापेमारी के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी झालावाड़ रोड की ओर छिपे हुए हैं। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने राजकुमार और आशु को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दिन में सिगरेट लाने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने बदला लेने की योजना बनाई थी। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में शामिल अन्य आरोपियों तथा नाबालिग बाल अपचारियों की तलाश भी जारी है। वहीं, मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।


