सिद़्धू मूसेवाला के पिता ने मानसा कोर्ट में दी अर्जी:डॉक्यूमेंट्री पर रोक लगाने की मांग, 11 जून को होनी है रिलीज

पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की मौत के बाद उनकी जिंदगी और हत्या पर बनी बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मूसेवाला के पिता सरदार बलकौर सिंह ने इस डॉक्यूमेंट्री की रिलीज रोकने के लिए मानसा की अदालत का रुख किया है। मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने आरोप लगाया है कि डॉक्यूमेंट्री में उनके बेटे के बारे में गोपनीय और अप्रकाशित जानकारी का इस्तेमाल किया गया है, जो न केवल उनके परिवार के अधिकारों का उल्लंघन है, बल्कि यह चल रही कानूनी प्रक्रिया में भी हस्तक्षेप कर सकता है। बीबीसी वर्ल्ड सर्विस ने तैयार की डॉक्यूमेंट्री यह डॉक्यूमेंट्री बीबीसी वर्ल्ड सर्विस द्वारा बनाई गई है और इसे 11 जून को मुंबई के जुहू स्थित सोहो हाउस में सार्वजनिक रूप से दिखाने की योजना है। इस तारीख को सिद्धू मूसेवाला का जन्मदिन भी है, जिससे इस डॉक्यूमेंट्री की रिलीज को लेकर संवेदनशीलता और बढ़ गई है। बलकौर सिंह ने इस स्क्रीनिंग को रोकने के लिए महाराष्ट्र पुलिस से संपर्क भी किया था। बलकौर सिंह का कहना है कि डॉक्यूमेंट्री में सिद्धू मूसेवाला की हत्या से जुड़े तथ्यों को इस तरह से पेश किया गया है कि यह उनके बेटे की छवि को नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि डॉक्यूमेंट्री में उन व्यक्तियों के बयानों का इस्तेमाल किया गया है, जिनका नाम एफआईआर में आरोपी के रूप में दर्ज है, जिससे मामले की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न उठता है। अब सभी की निगाहें मानसा की अदालत के फैसले पर टिकी हैं, जहां बलकौर सिंह ने इस डॉक्यूमेंट्री की रिलीज पर रोक लगाने के लिए याचिका दायर की है। अदालत के इस फैसले से यह स्पष्ट होगा कि सिद्धू मूसेवाला की विरासत और उनके परिवार के अधिकारों की रक्षा कैसे की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *