लुधियाना| शिव सिद्ध योगी परिवार की ओर से सिद्ध योगी बाबा बालक नाथ जी के आशीर्वाद से आयोजित दूसरी विशाल रथ यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। 1008 महंत राजेन्द्र गिरी महाराज के पावन सान्निध्य में निकाली गई। इस यात्रा का गरिमामयी शुभारंभ विश्वकर्मा धर्मशाला बस्ती जोधेवाल से हुआ। जैसे ही बाबा जी का सुसज्जित रथ रवाना हुआ पूरा वातावरण जय बाबे दी के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। यात्रा मार्ग को फूलों एवं भव्य स्वागत द्वारों से दुल्हन की तरह सजाया गया था। इस धार्मिक आयोजन में श्री सिद्ध योगी बाबा बालक नाथ प्रभात मंदिर सुभाष नगर के भगत शिवांश ठाकुर एंव प्रधान सुनील ठाकुर, फूड 4 नीडी पीपल एनजीओ और लाडले चिंतपूर्णी ग्रुप के सेवादारों ने गर्मजोशी के साथ रथ यात्रा का अभिनंदन किया। इस अवसर पर पार्षद प्रदीप शर्मा गैबी, निखिल जैन, शशि भूषण गोयल, धर्मा, विष्णु, वरुण जैन, सुरेंद्र कांडा, मुकेश चंचल, राजीव अरोड़ा, रमन गोयल, संदीप अरोड़ा और शेरू सचदेवा सहित कई गणमान्य विभूतियों ने बाबा जी की पावन आरती उतारकर आशीर्वाद प्राप्त किया। बस्ती जोधेवाल से शुरू होकर यात्रा जब डिवीजन नंबर 3 पहुंची तो वहां शिव पालनहार सेवा संघ द्वारा ढोल-नगाड़ों की थाप पर भव्य महाआरती की गई। इस दौरान बाबा जी को छप्पन भोग अर्पित किए, जिसका वितरण श्रद्धालुओं में प्रसाद के रूप में हुआ। यात्रा मार्ग में जगह-जगह लंगर और जलपान की विशेष व्यवस्था की गई थी, जहां श्रद्धालुओं ने विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया। यात्रा का समापन संगला वाला शिवाला चौक पर पूर्ण विधि-विधान के साथ हुआ। उत्सव का यह सिलसिला आज भी जारी रहेगा। कार्यक्रम के अगले चरण में आज मेन सुंदर नगर रोड पर विशाल जागरण एवं भंडारा आयोजित किया जा रहा है। इस दिव्य शाम में सुप्रसिद्ध गायक मुकेश कुमार इनायत, अमित सरूर और अमन शर्मा बाबा जी की महिमा का गुणगान करेंगे। भंडारा जागरण के साथ निरंतर चलता रहेगा।


