बिलासपुर| सिम्स में सर्जरी विभाग द्वारा स्तन कैंसर के इलाज संबंधी जागरूकता पर एक दिवसीय सीएमई का आयोजन किया गया। कार्यशाला में स्तन कैंसर के आधुनिक उपचार, सटीक निदान तकनीकों और व्यावहारिक क्लिनिकल प्रबंधन पर विस्तृत चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने सर्जिकल तकनीकों, कीमोथेरेपी के नवीन प्रोटोकॉल, रेडिएशन थेरेपी और हिस्टोपैथोलॉजी जांच की भूमिका पर जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सकों को वास्तविक उपचार के दौरान अधिक दक्ष, प्रशिक्षित और आत्मविश्वास से परिपूर्ण बनाना रहा। अतिथि व्याख्याता डॉ. राधाकृष्णा रामचंदानी, प्रोफेसर एम्स रायपुर और डॉ. अमित वर्मा, वरिष्ठ कंसल्टेंट अपोलो हॉस्पिटल ने अपने अनुभव साझा करते हुए उन्नत उपचार पद्धतियों के बारे में बताया। इन-हाउस स्पीकर डॉ. चंद्रहास ध्रुव (प्रोफेसर, रेडिएशन एवं मेडिकल ऑन्कोलॉजी) और डॉ. शहनाज बानो (सहायक प्राध्यापक, पैथोलॉजी विभाग) ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर डीन डॉ. रमणेश मूर्ति, एमएस डॉ. लखन सिंह डॉ. भूपेंद्र कश्यप, डॉ. मधुमिता मूर्ति , डॉ. ओमप्रकाश राज और डॉ. केशव कश्यप सहित अन्य फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।


