सिरसा जिले के डबवाली में एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ (AVTS) और CIA कालांवाली की टीमों ने एक अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान पंजाब के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार चोरी की बाइकें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरीदकोट निवासी बलराज सिंह उर्फ बाजा और बठिंडा निवासी अमित कुमार उर्फ बादशाह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये दोनों आरोपी विभिन्न राज्यों में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। दुकान के बाहर खड़ी बाइक चुराई DSP संदीप धनखड़ ने बताया कि इस गिरोह का भंडाफोड़ बीती 14 फरवरी को मंडी कालांवाली निवासी अशोक कुमार की शिकायत पर दर्ज एक मामले की जांच के दौरान हुआ। अशोक कुमार ने शिकायत में बताया था कि उनकी दुकान बजरंग बली गारमेंट्स के बाहर खड़ी हीरो स्प्लेंडर प्रो बाइक चोरी हो गई थी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस सूचना के आधार पर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को चोरी की बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया गया। कई वारदातों का खुलासा हुआ पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अन्य राज्यों में की गई चोरी की वारदातों का भी खुलासा किया। उनकी निशानदेही पर राजस्थान के सूरतगढ़ से चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस बाइक, दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र से चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल और पंजाब से चोरी की गई एक अन्य स्प्लेंडर प्लस बाइकें बरामद की गई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने भुच्चो मोड़ एरिया से मोबाइल फोन और हार्ड डिस्क भी चोरी की थी। आरोपियों पर कई केस दर्ज हैं पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी बलराज सिंह के खिलाफ फरीदकोट में लड़ाई-झगड़ा और NDPS एक्ट में केस दर्ज हैं। वहीं, आरोपी अमित कुमार के खिलाफ बठिंडा और मोगा के विभिन्न थानों में लड़ाई-झगड़ा, हत्या के प्रयास, डकैती और चोरी जैसे गंभीर केस दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के बारे में पूछताछ करेगी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की पूछताछ जारी है ताकि गिरोह से जुड़ी अन्य चोरी की वारदातों और उनके साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।


