सिरसा जिले के नाथूसरी चोपटा में एक सड़क दुर्घटना में राजस्थान की एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। यह हादसा चोपटा-भट्टू रोड पर एक बाइक और ट्रक की टक्कर के कारण हुआ। जानकारी के अनुसार, राजस्थान के नोहर क्षेत्र के गांव पदमपुरा निवासी करीब 45 वर्षीय मांगेराम अपनी बहन धापा देवी और चाची गोमती देवी (लगभग 60 वर्षीय) के साथ बाइक पर सवार होकर हरियाणा के हरिपुरा गांव में धोक लगाने जा रहे थे। नाथूसरी चोपटा से निकलते ही बराच मॉडल स्कूल के पास उनकी बाइक एक ट्रक से टकरा गई। कांस्टेबल ने दिखाई तत्परता टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर गए। उसी समय चोपटा थाना में कार्यरत कांस्टेबल हनुमान सिंह अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। उन्होंने तुरंत डायल 112 और एंबुलेंस को सूचना दी। एक की मौत, दो घायल डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को नाथूसरी चोपटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने गोमती देवी को मृत घोषित कर दिया। मांगेराम और धापा देवी का इलाज सीएचसी में जारी है। पुलिस ने शुरू की जांच नाथूसरी चोपटा थाना के एएसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें चोपटा के पास भट्टू रोड पर बाइक दुर्घटना की सूचना मिली थी। उन्होंने पुष्टि की कि मृतक गोमती देवी और घायल मांगेराम व धापा देवी राजस्थान के पदमपुरा गांव के निवासी हैं। परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी गई है और उनके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


