सिरोही में रोजगार उत्सव, HPV टीकाकरण शुरू:नव-नियुक्त कर्मियों को मिले नियुक्ति पत्र, पीएम ने किया अभियान का शुभारंभ

सिरोही शहर के पनिहारी गार्डन में शनिवार को जिला स्तरीय रोजगार उत्सव आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों में चयनित नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करना था। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम अजमेर में आयोजित हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जिलों में किया गया, जिसमें सिरोही जिले के प्रतिभागियों ने भी हिस्सा लिया। सिरोही जिले में रोजगार उत्सव का नोडल विभाग चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग था। जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी के निर्देशन में कार्यक्रम का संचालन किया गया। सीएमएचओ डॉ. खराड़ी ने बताया कि इस अवसर पर जिले में कुल 171 नव-नियुक्त कर्मियों को वेलकम किट वितरित किए गए।
इनमें चिकित्सा विभाग के 49, शिक्षा विभाग के 16, राजस्व विभाग के 39 और पशुपालन विभाग के 10 सहित अन्य विभागों के कर्मचारी शामिल थे। नवचयनित कर्मियों को जनसेवा के प्रति समर्पण और ईमानदारी से कार्य करने की प्रेरणा दी गई। समारोह में जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी, एडीएम डॉ. राजेश गोयल, जिला परिषद सदस्य दिलीप सिंह माण्डानी, एसडीएम हरिसिंह देवल, तहसीलदार जगदीश सिंह, एसीईओ शैलेंद्र जोशी, संयुक्त निदेशक डीओआईटी गोविंद चौधरी, प्रिंसिपल मेडिकल कॉलेज डॉ. मलकेश मीणा, आरसीएचओ डॉ. रितेश सांखला सहित कई जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का मंच संचालन कार्तिकेय शर्मा ने किया। जिला परिषद सदस्य दिलीप सिंह माण्डानी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की योजनाएं केवल रोजगार देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर, उत्तरदायी और सशक्त नागरिक बनाने के प्रयास हैं। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय रोजगार उत्सव पारदर्शी और योग्यता आधारित चयन प्रक्रिया का प्रतीक है, जिससे योग्य युवाओं को बिना किसी भेदभाव के अवसर मिल रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा विभाग के परिवार कल्याण क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सीएचसी स्वरूपगंज, पीएचसी मोहब्बत नगर, ग्राम पंचायत आल्पा, मूंगथला, धनारी, वरमान एवं खाम्बल को पचास हजार रुपए का चेक, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रधानमंत्री द्वारा अजमेर से एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत के साथ ही यह अभियान पूरे देश में संचालित किया गया । इस टीकाकरण कार्यक्रम में लक्षित समूह 14 वर्ष आयु की वे बालिकाएं हैं, जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन पूर्ण कर लिया है, लेकिन अभी 15 वर्ष की नहीं हुई हैं। इन्हीं बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया जाएगा। सिरोही जिले में आज एचपीवी टीकाकरण निम्न 6 सत्र स्थलों पर किया गया-
• CHC पिंडवाड़ा
• CHC स्वरूपगंज
• CHC रेवदर
• PHC देलदर
• UPHC आबूरोड
• SDH आबूरोड चिकित्सा विभाग द्वारा सभी संबंधित संस्थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि लक्षित बालिकाओं को सुरक्षित एवं सुगम टीकाकरण सुविधा उपलब्ध हो सके। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण रहा। रोजगार उत्सव एवं एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत ने जिले में सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *