भाजपा शिवगंज प्रधान प्रतिनिधि विशन सिंह देवड़ा ने पिंडवाड़ा में रेलवे जंक्शन की मांग पर आपत्ति जताने वाले लोगों पर निशाना साधा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिरोही रेलवे स्टेशन शहर से केवल 5 या 6 किलोमीटर के आसपास ही बनेगा। देवड़ा ने समिति के लोगों पर सस्ती राजनीति के लिए आमजन को गुमराह करने का आरोप लगाया। देवड़ा ने कहा कि सिरोही का रेलवे लाइन से जुड़ना एक बड़ी उपलब्धि है और इसे अनावश्यक रूप से राजनीति का शिकार बनाकर योजना को लंबित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी से सिरोही के रेलवे नेटवर्क से जुड़ने पर खुशी व्यक्त करने का आग्रह किया और जंक्शन के स्थान को लेकर भ्रम फैलाने से बचने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि सांसद लुंबाराम चौधरी ने पहले ही इस विषय पर स्थिति स्पष्ट कर दी थी। पिंडवाड़ा या सरूपगंज में रेलवे जंक्शन के लिए न तो पूर्व में और न ही वर्तमान में कोई भूमि चिह्नित की गई है। सिरोही-सरूपगंज रेल लाइन का सर्वे अभी जारी है।
उन्होंने यह भी बताया कि सिरोही से पिंडवाड़ा तक का जो सर्वे हुआ था, वह निर्धारित मापदंडों को पूरा नहीं कर पाया, इसलिए उसे अव्यवहारिक घोषित किया गया। सरकार 1500 करोड़ रुपए की परियोजना शुरू करने से पहले विभिन्न एजेंसियों से सभी प्रकार के मापदंडों की जांच करवाती है और ओके रिपोर्ट मिलने के बाद ही मामला आगे बढ़ता है।


