श्रीनगर में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी पॉवर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के महेश बेनीवाल ने रजत पदक हासिल किया है। जोधपुर पहुंचने पर बेनीवाल का स्थानीय दी लॉयन फिटनेस जिम में साफा-माल्यार्पण के साथ स्वागत किया गया। जिम संचालक जयसिंह सांखला व कोच अंकित सांखला ने बताया कि श्रीनगर में 4 से 7 अप्रैल तक इंटर यूनिवर्सिटी पॉवर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में महेश कुमार बेनीवाल ने 120 किलो भार वर्ग में भाग लेकर स्कवेट में 335 kg, बैंच प्रेस में 187.5 किलो और डेड लिफ्ट में 307.5 किलो सहित कुल 830 किलो भार उठाकर रजत पदक प्राप्त किया। जय नारायण व्यास यूनिवर्सिटी जोधपुर के इतिहास में बेनीवाल ने यह पहला मेडल जीता है। इसके अलावा दी लायन फिटनेस जिम मगरा पूंजला के अभिषेक सांखला, लक्षित सांखला, किशना राम और स्नेहा गहलोत ने भी प्रतियोगिता में भाग लेकर बेहतर प्रदर्शन किया, हालांकि, ये मेडल से चूक गए। शुक्रवार सुबह जिम पहुंचने पर आवदेश सांखला सहित अन्य ने अभिनंदन किया। इस अवसर पर जिला पॉवर लिफ्टिंग संघ के सचिव मनोहर सिंह सांखला, उमेश सांखला, विजय सिंह पंवार, राजवीर सांखला और जिम के अन्य पॉवर लिफ्टर मौजूद रहे।


