सिवनी में दो बाइकों की टक्कर के बाद मारपीट:गांधी भवन चौक के पास घटना; वीडियो सामने आने पर पुलिस ने दी चेतावनी

सिवनी शहर के गांधी भवन चौक के पास बुधवार रात दो बाइकों की मामूली टक्कर के बाद विवाद बढ़ गया। इसके परिणामस्वरूप कुछ लोगों के बीच मारपीट हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग आपस में धक्का-मुक्की और मारपीट करते दिख रहे हैं। दोनों बाइक की टक्कर के बाद बढ़ा विवाद जानकारी के अनुसार, रात में चौक के पास मिशन स्कूल गेट के पास दो बाइकें हल्की टक्कर के बाद रुक गईं। शुरुआत में यह मामला केवल कहासुनी तक सीमित था, लेकिन जल्द ही दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। मौके पर मौजूद कुछ अन्य लोग भी बीच-बचाव करने के बजाय विवाद में शामिल हो गए, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने संबंधित पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है। बताया गया है कि घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर सामने आ गया। पुलिस अब इसी वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। लापरवाही से बढ़ रहे विवाद, कार्रवाई की चेतावनी कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि मामूली विवाद के चलते कुछ लोगों के बीच मारपीट होने की सूचना मिली थी। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो फुटेज के आधार पर माहौल खराब करने वाले तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लगातार लोगो से अपील कर रही है कि सावधानी पूर्वक वाहन चलाएं, लेकिन लोग लापरवाही बरत राजे है और घटना कारित कर विवाद उत्पन्न कर रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे छोटे-मोटे विवादों को आपसी समझाइश से सुलझाएं और कानून को अपने हाथ में न लें। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सतर्क है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *