सिवनी जिले में लगातार गिरते तापमान और तेज ठंड के कारण कलेक्टर शीतला पटले ने सोमवार को दोपहर के समय स्कूलों के संचालन समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त, आईसीएससी, सीबीएसई और अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा। कलेक्टर के आदेशानुसार, सिवनी जिले में कक्षा नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाएं अब सुबह 9:30 बजे से पहले संचालित नहीं होंगी। यह निर्णय तापमान में अचानक गिरावट और छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए लिया गया है। इसका उद्देश्य सुबह की ठंड में बच्चों को होने वाली असुविधा और संभावित स्वास्थ्य जोखिमों को कम करना है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि परीक्षाएं और अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियां अपने पूर्व निर्धारित समय पर ही संचालित होंगी। समय परिवर्तन केवल नर्सरी से आठवीं तक की नियमित कक्षाओं पर लागू होगा, परीक्षा संबंधी गतिविधियों पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा। जिला शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि वे इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें और सभी विद्यालयों को सूचना दें। विद्यालय प्रबंधन से भी अपेक्षा की गई है कि वे अभिभावकों और विद्यार्थियों को समय परिवर्तन की जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि कोई असुविधा न हो। अभिभावकों ने प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत किया है। उनका कहना है कि सुबह की अत्यधिक ठंड में बच्चों को स्कूल भेजना मुश्किल होता है, जिससे वे सर्दी-जुकाम जैसी बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। यह बदलाव बच्चों के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होगा। जिले में ठंड का असर अभी भी जारी है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी उचित निर्णय लिए जा सकते हैं।


