भास्कर न्यूज | लुधियाना लुधियाना के सेक्टर 32 ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में स्थित सिविल अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड के ठीक सामने रोजाना कूड़े में आग लगाई जा रही है। इससे उठने वाला घना धुआं न सिर्फ इलाके के लोगों को परेशान कर रहा है, बल्कि नवजात शिशुओं की सेहत के लिए भी गंभीर खतरा बन रहा है। हैरानी की बात यह है कि वार्ड के पास ही कूड़ा निपटान के लिए कंपैक्टर मौजूद है, लेकिन लोग उसका इस्तेमाल करने की बजाय सड़क किनारे कूड़े को आग के हवाले कर देते हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि धुएं की बदबूदार परतें पूरे इलाके में फैल जाती हैं, जिससे सांस लेने में दिक्कत होती है। कई बार प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन को इसकी जानकारी देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इलाके के लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए ताकि नवजात शिशुओं और क्षेत्र के लोगों की सेहत सुरक्षित रह सके।


