राजधानी के पॉश एरिया सिविल लाइंस में जेकब रोड पर मंगलवार आधी रात को बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी दो लग्जरी कारों पर पत्थर मारकर शीशे तोड़ दिया। इस संबंध में पीड़ित डॉ. अशोक गुप्ता ने सुबह सोढ़ाला थाने में शिकायत दे दी। जेकब रोड पर रहने वाले डॉ. गुप्ता के अनुसार वह रात करीब 11 बजे सोए थे। तब तक उनकी कारें सुरक्षित खड़ी थी। सुबह देखा तो दोनों कारों के शीशे टूटे मिले और कारों पर बड़े-बड़े पत्थर भी पड़े थे। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे तो सामने आया कि रात करीब 1 बजे एक संदिग्ध बाइक का मूवमेंट देखा गया, जिस पर दो युवक सवार थे। गौरतलब है कि सिविल लाइंस शहर का पॉश एरिया हैं, यहां पर लोक भवन, सीएम हाउस सहित ज्यादा मंत्रियों के आवास है। डॉ. गुप्ता के पड़ोस में भी कई विधायकों के आवास है। हालांकि बदमाशों की पहचान के लिए सोढ़ाला थाने की स्पेशल टीमों को लगाया है।


