रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सत बहनिया मंदिर के पास नाबालिगों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नशे के सामान के बंटवारे को लेकर उपजे विवाद में तीन नाबालिगों ने एक अन्य नाबालिग पर मारपीट के बाद धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायल किशोर की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार घटना शाम के समय सत बहनिया मंदिर के पास हुई। श्याम नगर निवासी 9 से 16 वर्ष आयु के तीन नाबालिगों ने सतबहनिया मंदिर निवासी एक नाबालिग को घेर लिया। आरोप है कि पहले कहासुनी हुई, फिर मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपियों ने चाकू निकालकर जांघ और हाथ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल किशोर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु कर दी है। नाबालिग पर हमला करने वाले आरोपियों की तलाश जारी है।


