झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा सिविल सेवा परीक्षा की मुख्य परीक्षा का रिजल्ट घोषित नहीं होने पर मंगलवार को धैर्य जवाब दे दिया। इस परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने जेपीएससी कार्यालय के समक्ष रिजल्ट जारी करने को लेकर प्रदर्शन और जमकर नारेबाजी की। अभ्यर्थियों ने कहा कि रिजल्ट जारी करने के लिए धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है। राज्य के बोकारो, देवघर, चतरा, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर, पलामू समेत अन्य जिलों में अभ्यर्थी रांची आए हैं। लेकिन यहां कोई सही जानकारी देने वाला भी नहीं है। अब रिजल्ट जारी करने की जानकारी मिलने के बाद भी घर वापस लौटेंगे। रिजल्ट को लेकर धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। बुधवार को आयोग की शव यात्रा निकालेंगे और मुंडन भी कराएंगे। अभ्यर्थियों ने कहा कि बेहतर होगा की आयोग को बंद करके इस भवन को मैरिज हॉल बना दे। घर वाले भी कहते हैं कि कब तक तैयारी करोगे। तुम लोगों में काबिलियत ही नहीं है। आयोग अध्यक्ष का पद पिछले छह माह से खाली है। इसलिए सिविल सेवा मुख्य परीक्षा का रिजल्ट जारी नहीं किया जा रहा है। आयोग अध्यक्ष के बिना रिजल्ट जारी नहीं किया जा सकता है। क्योंकि आयोग की बैठक में ही रिजल्ट जारी करने समेत अन्य अहम निर्णय लिए जाते हैं, जिसकी अध्यक्षता जेपीएससी चेयरमैन करते हैं।


