छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक सीआरपीएफ जवान सड़क हादसे का शिकार हो गया। उसकी कार अनियंत्रित होकर अटल परिसर में जा घुसी, जिससे वह घायल हो गया। जवान को इलाज के लिए पहले जिला अस्पताल और फिर रायपुर रेफर किया गया है। यह घटना धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के सेहराडबरी संबलपुर चौक के पास स्थित अटल परिसर में हुई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायल जवान की पहचान ग्राम पीपरछेड़ी, थाना अर्जुनी निवासी 35 वर्षीय राजीव साहू पिता रामेश्वर के रूप में हुई है। राजीव साहू श्रीनगर में सीआरपीएफ में पदस्थ हैं और छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे। रविवार को राजीव अपनी कार से धमतरी आए थे और वापस लौटते समय सेहराडबरी अटल परिसर चौक के पास उनकी कार अनियंत्रित हो गई। घटना के बाद उन्हें रात में जिला अस्पताल लाया गया। सोमवार को परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर ले गए।


