सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट शुरू, हर दिन 100 टन कचरा रीसाइकल होगा

लुधियाना| शहर के लिए स्वच्छता की दिशा में बड़ी पहल हुई है। नगर निगम ने कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलिशन (सीएंडडी) वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट शुरू कर दिया है। यह प्लांट ढंडारी कलां (सिंगला साइकिल रोड) पर बनाया गया है। इसकी लागत 9.59 करोड़ रुपए है। प्लांट स्मार्ट सिटी मिशन और स्वच्छ भारत मिशन के तहत लगाया गया है। नगर निगम कमिश्नर आदित्य डेचलवाल ने प्लांट का निरीक्षण किया। उनके साथ निगरानी इंजीनियर शाम लाल गुप्ता और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कमिश्नर ने बताया कि यह प्लांट 2.5 एकड़ में बना है। यह हर दिन 100 टन सीएंडडी वेस्ट प्रोसेस कर सकता है। इसमें निर्माण कचरा, टूटे पत्थर, ईंटें और दूसरी सामग्री शामिल है। प्लांट में 4.41 करोड़ रुपए की मशीनरी लगी है। इसमें पांच साल तक संचालन और रखरखाव की सुविधा भी शामिल है। इस प्लांट की खास बात है कि यहां कचरे को रीसाइकल किया जाएगा। इससे कंक्रीट ब्लॉक, टाइलें और ईंटें तैयार होंगी। इससे पर्यावरण को भी फायदा होगा और कूड़े का सही प्रबंधन होगा। कमिश्नर ने आदेश दिए हैं कि नगर निगम के सभी ठेकेदार अपने निर्माण स्थलों का कचरा इसी प्लांट में डंप करें। बिल पास करवाते समय प्लांट की रसीद लगाना अनिवार्य होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नगर निगम की इस पहल में सहयोग करें। इससे लुधियाना को साफ और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार शहर बनाने में मदद मिलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *