मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कोटा में क्षेत्र की दो बड़ी और बहुप्रतीक्षित परियोजनाओं अकावद और नौनेरा का शिलान्यास करेंगे। इससे हाड़ौती क्षेत्र में साफ पानी की उपलब्धता होगी। वहीं किसानों को हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा। सीएम के दौरे को लेकर तैयारियां चल रही हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 7 मार्च को प्रस्तावित कोटा दौरे को लेकर प्रशासनिक और राजनैतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। इसी सिलसिले में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने रविवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की कमान संभाली। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कोटा के शंभूपुरा पहुंचकर प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, मंच निर्माण, आमजन के बैठने की व्यवस्था और शिलान्यास स्थल का जायजा लिया। योजनाओं के शुरू होने से लोगों को मिलेगा साफ पानी
मुख्यमंत्री 7 मार्च को क्षेत्र की दो बड़ी परियोजनाओं अकावद और नौनेरा का शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं के शुरू होने से हाड़ौती क्षेत्र में साफ पानी की उपलब्धता होगी। वहीं हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा। इससे किसानों की आय और उत्पादन में वृद्धि होगी। ऊर्जा मंत्री नागर ने बताया- ये परियोजनाएं हाड़ौती के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होंगी। वहीं निरीक्षण के दौरान शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर सहित अफसर भी मौजूद रहे। मंत्री ने मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री दौरे के दौरान प्रोटोकॉल और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए। संख्या के अनुरूप पांडाल बनाने, पार्किंग और परिवहन पर भी बात हुई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का यह दौरा कोटा और पूरे हाड़ौती क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


