मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 20 दिसंबर को आगर मालवा जिले की तहसील सुसनेर के ग्राम पालड़ा में आयोजित कार्यक्रम में 880 मेगावाट आगर-नीमच सौर परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। जिसमें आगर-मालवा जिले की 550 मेगावाट क्षमता और नीमच जिले की 330 मेगावाट क्षमता सौर परियोजना शामिल है। मुख्यमंत्री सुसनेर विधानसभा के डोंगरगांव में बनी संत कमल किशोर नागर गौ-शाला पहुंचकर गौ-पूजन करेंगे। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने गुरुवार को कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और गोशाला का प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर व्यवस्था देखी। इस दौरान हेलीपैड पर बैरिकेडिंग और कार्यक्रम स्थल तक के मार्ग पर कानून व्यवस्था का जायजा लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।


