सीएम की दो टूक:भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर किसी भी रूप में हो बर्दाश्त नहीं करेंगे

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फिर दो टूक कहा है कि भाजपा सरकार की नीति भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टॉलरेंस की है। भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर, किसी भी रूप में हो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भ्रष्टाचार का आरोपी चाहे कितना ही रसूखदार हो, उसे अपने कृत्यों की सजा मिलकर रहेगी। साय बुधवार को यहां कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में भाजपा महामंत्रियों, निगम-मंडल-आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष-उपाध्यक्षों और भाजपा के सभी मोर्चा प्रदेश अध्यक्षों व महामंत्रियों की बैठकों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में ‘सुशासन तिहार’ का शुभारंभ हो गया है। भाजपा सरकार को 15 महीने हो गए हैं और इन 15 महीनों में मोदी की गारंटी में जितने भी वादे किए थे, उनमें से अधिकतर वादों को हमने पूरा कर दिया है। साय ने कहा कि सुशासन तिहार में प्रदेश के सभी अधिकारी 8 अप्रैल से 11 अप्रैल तक लोगों के बीच जाएंगे और उनकी समस्याओं को आवेदन के रूप में स्वीकार करेंगे। इसके लिए डब्बापेटी भी बनाई गई है। एक महीने के बाद हमारे अधिकारी जनता से प्राप्त समस्याओं व शिकायतों के आवेदनों का समाधान करेंगे। साय ने कहा कि वह स्वयं, सरकार के मंत्री, सांसद-विधायक भी क्षेत्र में भ्रमण करेंगे और कहीं भी औचक निरीक्षण भी करेंगे। इस बीच स्कूल-अस्पतालों का भी निरीक्षण होगा और हरसम्भव प्रयास होगा कि सरकार की जो योजनाएँ हैं, छत्तीसगढ़ की जनता तक पूरी तरीके से पहुँचे। प्रदेश कार्यालय में भाजपा की हुईं चार बड़ी बैठकें
बुधवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में भाजपा की चार बड़ी बैठकें हुईं जिनमें भाजपा के प्रदेश महामंत्रियों, सभी मोर्चा प्रदेश अध्यक्षों, निगम-मण्डल-आयोगों के अध्यक्षों/उपाध्यक्षों के साथ ही नगरीय निकायों के महापौर-सभापतियों, अध्यक्ष-उपाध्यक्षों के साथ ही जिला पंचायतों के अध्यक्ष-उपाध्यक्षों ने हिस्सा लिया। वन नेशन-वन इलेक्शन से सब व्यवस्थाएं सुधर जाएंगीं : शिव
भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ के बारे में कहा कि एक साथ चुनाव होने से बहुत सारी व्यवस्थाएँ सुधर जाएंगीं समय और संसाधनों का अपव्यय रुकेगा। शिवप्रकाश ने कहा कि स्थानीय चुनाव से लेकर विधानसभा, लोकसभा तक के चुनाव अलग-अलग होने से सरकार का लगभग एक वर्ष का समय तो चुनाव में निकल जाता है। एक चुनाव से देश में 4.5 लाख करोड़ रुपए की बचत होगी : देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर पार्टी के दृष्टिकोण पर विस्तार से चर्चा की और कहा कि इससे सरकारी संसाधनों की बर्बादी रुकेगी, सुरक्षा बलों पर दबाव कम होगा और नागरिक एक साथ मतदान कर पाएंगे। एक ही समय पर सभी चुनाव होने से करीब 4.5 लाख करोड़ रु. की बचत होगी, जो कि देश की जीडीपी के 1.5% के बराबर है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *