मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को कोरबा दौरे पर रहे। सीएम ने जिले के लिए 625.28 करोड़ से ज्यादा लागत के विकास कार्यों की घोषणा की। साथ ही 607.85 करोड़ से ज्यादा के 250 विकास कार्यों का भूमिपूजन, 17.43 करोड़ के 34 कामों का लोकार्पण किया। सीएम ने मुख्य रूप से सर्वमंगला हसदेव नदी रपटा सहित, पुरानी बस्ती रानी रोड की ओर एप्रोच रोड निर्माण, कोरबा मुख्यालय में नया सर्किट हाउस निर्माण, माध्यमिक शाला का हाई स्कूल में उन्नयन की घोषणा और विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों के लिए 23 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर महिला बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 102 जोड़े को आशीर्वाद देकर उज्जवल भविष्य की कामना की। सीएम ने कहा कि कोरबा जिला औद्योगिक नगरी है। यहां कोयला, रेत और शराब घोटाला कांग्रेस के शासनकाल में हुआ। डीएमएफ की राशि पर 40 प्रतिशत पर कमीशन खोरी होती थी। भाजपा सरकार आने के बाद इस पर शिकंजा कसा गया है।