सीएम बोले-पिछली सरकार ने युवाओं के साथ धोखा किया था:लगातार पेपरलीक से युवा आहत थे, हमने 351 पेपर करवाए, एक भी पेपर लीक नहीं हुआ

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि पिछली सरकार ने प्रदेश के युवाओं के साथ धोखा किया था। उस समय हमारा युवा परेशान और आहत था, क्योंकि लगातार पेपरलीक होते थे। लेकिन मैं आपको बताना चाहता हूं कि हमने पिछले दो सालों में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का काम किया हैं। 1.53 लाख भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। पिछले महीने 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर हमने पूरे एक साल की भर्तियों का कैलेंडर जारी करते हुए एक लाख नौकरियां निकालने का काम किया हैं। मुझे आपको यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि हमारे कार्यकाल में अब तक 351 पेपर हुए हैं। लेकिन एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। यह हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता हैं। मुख्यमंत्री सोमवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में अखिल भारतीय संस्थागत नेतृत्व समागम-2026 के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। वेदों के साथ एआई की समझ हो
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आधुनिक शिक्षा प्रणाली में नवाचार, तकनीक एवं भारतीय ज्ञान परंपरा को बढ़ावा दिया जाए, जिससे युवाओं का रोजगार प्राप्ति के साथ ही चरित्र निर्माण भी हो। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार उच्च शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने तथा और अधिक रोजगारपरक बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सीएम ने कहा कि हमें ऐसी शिक्षा चाहिए जो परंपरा और आधुनिकता का सुंदर संगम हो। जहां वेदों के ज्ञान के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की समझ हो, संस्कृत के श्लोकों के साथ कोडिंग की भाषा हो तथा योग और ध्यान के साथ रोबोटिक्स और नैनो टेक्नोलॉजी हो। उन्होंने कहा कि इस समागम की थीम अंतर-संस्थागत विकास पर संवाद’ अत्यंत प्रासंगिक है। आईआईटी, केंद्रीय विश्वविद्यालय, राज्य विश्वविद्यालय, शोध संस्थान और निजी शिक्षण संस्थाओं के मिलकर काम करने से धरातल पर वास्तविक बदलाव लाया जा सकता है। युवाओं को 10 लाख रुपए बिना ब्याज लोन
सीएम ने कहा कि हम चाहते है कि हमारा युवा केवल नौकरी लेने वाला ही नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला भी बने। इसे लेकर हम युवा रोजगार नीति भी लेकर आए हैं। इस नीति में हमने युवाओं को स्वयं के रोजगार के लिए 10 लाख रुपए तक बिना ब्याज के लोन देने का प्रावधान भी रखा हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश में 65 आई स्टार्टअप लॉन्चपैड नेस्ट, 17 नवीन खेलों इंडिया केंद्र, 71 नवीन राजकीय महाविद्यालयों की स्थापना, 185 नए राजकीय महाविद्यालयों के भवनों का लोकार्पण तथा छात्राओं को करीब 40 हजार स्कूटियों का वितरण सहित अनेक कार्य किए हैं, जिससे युवाओं का सशक्तीकरण हो रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *