राजस्थान सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। वहीं सीकर के पलसाना में वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से सीएम भजनलाल शर्मा ने फार्मर रजिस्ट्री शिविरों का शुभारंभ किया। सीएम ने वर्चुअल संवाद करते हुए पलसाना के किसान भंवर सिंह व गोविंद सिंह से संवाद किया। सीएम ने किसानों से पूछा कि खेती बाड़ी कैसी है। किसानों ने सीएम को बताया कि उन्हें केंद्र में राज्य सरकार की कृषि योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इसके बाद सीएम ने किसानों को कहा कि उच्च तकनीकी से खेती करके अधिक मुनाफा कमाया जा सकता है और इसमें लागत भी कम आती है और उत्पादन ज्यादा होता है। किसान सम्मेलन के दौरान कृषि विभाग की और से प्रगतिशील किसान वैज्ञानिक सुण्डाराम वर्मा (पद्मश्री), मोटाराम शर्मा, रणजीत सिंह भेडा, केशर देव, ओमप्रकाश शर्मा, मंगलचंद मुवाल, महेश शर्मा उन्नत, कानसिंह निर्वाण सहित कृषि संवर्धन एवं आत्मा योजनान्तर्गत उल्लेखनीय कार्य करने वाले किसानों को जिला कलक्टर मुकुल शर्मा द्वारा प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर मुकुल शर्मा, खंडेला विधायक सुभाष मील, दांतारामगढ़ एसडीएम मोनिका सामोर, तहसीलदार महिपाल सिंह राजावत, सहित कृषि विभाग के अनेक अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


