सीएम भजनलाल शर्मा के तीन दिन के शेखावाटी दौरे पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने 10 सवाल पूछते हुए सरकार पर तल्ख कमेंट किए हैं। डोटासरा ने सरकार पर निशाना साधते हुए शेखावाटी से जुड़े सवाल पूछे हैं। डोटासरा ने एक्स पर लिखा- इस भीषण गर्मी में प्रशासन को जनता को बिजली, पानी और हीट वेव से बचाने में लगाना चाहिए, उसकी बजाय पर्ची कायम रखने के लिए लगा रहे हैं। मुख्यमंत्री सिर्फ भाषण देने से विकास नहीं होगा, समग्र विकास के लिए रोडमैप बनाकर सबको साथ लेकर चलना पड़ता है। शेखावाटी की जनता के सवालों का जवाब जरूर दीजिए। डोटासरा ने लिखा- भाजपा सरकार के डेढ़ साल में मुख्यमंत्री देवदर्शन और स्वयंभू भागीरथ बनकर आभार प्राप्त के बाद अब स्वागत यात्राओं पर निकल पड़े हैं। मुख्यमंत्री स्वागत स्वयं का नहीं, सुशासन की सौगात देकर जनता का कीजिए। शेखावाटी पधारे हैं तो यहां की जनता अपने मुखिया से कुछ सवाल पूछना चाहती है, जिनका वादा भाजपा ने चुनावों के दौरान किया था। 1. सीकर संभाग और नीमकाथाना जिला निरस्त क्यों किया? डोटासरा ने सीएम से सवाल पूछते हुए लिखा- जनभावना के विरुद्ध आपने सीकर संभाग और नीमकाथाना जिला निरस्त क्यों किया? 2. आम सहमति के बिना पंचायतों और नगरपालिका के वार्डों का पुर्नगठन क्यों किया जा रहा है? ग्रामवासियों की आपत्ति तो नजरअंदाज करके परिसीमन में असंवैधानिक प्रक्रिया अपनाकर पुनर्सीमांकन के पीछे क्या षड्यंत्र है? क्या यह राजनीतिक द्वेष और दुर्भावना की मंशा से किया जा रहा है? 3. नगर निगम के दर्जे पर सीकर की जनता के साथ अन्याय क्यों किया? डोटासरा ने लिखा- भीलवाड़ा और पाली जैसे जिलों को नगर निगम घोषित करने वाली भाजपा सरकार ने सीकर की जनता के साथ अन्याय क्यों किया? मुख्यमंत्री जी को बताना चाहिए कि उन्होंने सीकर को नगर निगम के दर्जे से क्यों वंचित रखा? 4. हरियाणा के सामने समर्पण करके यहां की जनता को धोखा क्यों दिया? यमुना जल समझौते में शेखावाटी की जनता को कब और कितना पानी मिलेगा? समझौते में हरियाणा के सामने समर्पण करके यहां की जनता को धोखा क्यों दिया? कांग्रेस सरकार के समय कुंभाराम लिफ्ट परियोजना में 7 हजार करोड़ से अधिक की वित्तीय स्वीकृति जारी होने के बावजूद जनता को पानी क्यों नहीं मिल रहा है?
5. पहली बार जीणमाता मंदिर के कपाट बंद रहे, इस पाप का कौन जिम्म्मेदार है? डोटासरा ने लिखा- बाबा खाटूश्याम जी के मंदिर कॉरिडोर के लिए 100 करोड़ रुपए की घोषणा के बावजूद काम शुरू क्यों नहीं हुआ? बाबा के दरबार की भव्यता में लगने वाला पैसा रोककर आस्था पर चोट कौन कर रहा है? 6. बजट घोषणाओं में शेखावाटी की अनेदखी क्यों की? डोटासरा ने लिखा- भाजपा सरकार की बजट घोषणाओं में शेखावाटी की अनदेखी क्यों की गई? आपको यह भी बताना चाहिए कि पिछली कांग्रेस सरकार में स्वीकृत विकास कार्यों को क्यों और किसके कहने पर रोका जा रहा है? जब मुखिया के लिए परिवार के सभी सदस्य समान हैं तो फिर शेखावाटी की जनता के साथ यह भेदभाव क्यों किया जा रहा है? 7. डेढ़ साल से सीकर का विकास ठप क्यों पड़ा है? डोटासरा ने पूछा- भाजपा सरकार में शेखावाटी की धरती से स्वायत्त शासन व नगरीय विकास मंत्री होने के बावजूद पिछले डेढ़ साल से सीकर का विकास ठप क्यों पड़ा है? जयपुर और कोटा जैसे शहरों की तर्ज पर सीकर के आधारभूत विकास व एजुकेशन हब के लिए बजट में कोई घोषणा या प्रावधान क्यों नहीं किया गया? न ही सीकर का नया मास्टर प्लान आया और न ही निकायों की वित्त पोषण राशि जारी की, क्यों? 8. जनता को पानी नहीं मिल रहा, सीएम के स्वागत में पानी की बर्बादी डोटासरा ने आगे लिखा- एक साल से अधिक समय से शेखावाटी के हजारों किसानों के डिमांड नोट जमा होने के बावजूद सरकार ने कृषि कनेक्शन नहीं दिए और न ही किसानों को पर्याप्त बिजली दी। 9. शेखावाटी में दलितों पर अत्याचार चरम पर, क्या यह भाजपा की दलित मानसिकता और बाबा साहेब अंबेडकर विरोधी विचारधारा का नतीजा है? डोटासरा ने लिखा- भाजपा सरकार में शेखावाटी में दलितों पर अत्याचार चरम पर है। फतेहपुर में दलित युवक के साथ घिनौनी हरकत, सीकर में दलित सरपंच के बेटे से बर्बरता, झुंझुनूं के मेघपुर में दलित युवक की बेरहमी से पिटाई जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। क्या यह भाजपा की दलित मानसिकता और बाबा साहेब अंबेडकर विरोधी विचारधारा का नतीजा है? 10. छात्र संगठनों के साथ भेदभाव क्यों? शेखावाटी यूनिवर्सिटी में निरंतर पेपर लीक जैसी घटनाएं, संघ के दखल से नियुक्तियां, भारी अनियमितताएं और छात्र संगठनों के साथ भेदभाव के पीछे क्या वजह है?


