कोरिया जिले के सांस्कृतिक और पर्यटन मानचित्र पर आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जिले को 26 लाख रुपए की लागत से निर्मित अत्याधुनिक ओपन थिएटर की सौगात देंगे। इसी के साथ तीन दिवसीय कोरिया महोत्सव का शंखनाद होगा, जो 19 फरवरी तक चलेगा। लोकार्पण समारोह से पूर्व मुख्यमंत्री झुमका डैम पहुंचकर वहां संचालित पर्यटन गतिविधियों का जायजा लेंगे। बता दें कि वर्ष 2024 में झुमका डैम में कश्मीर की तर्ज पर शिकारा की शुरुआत की गई थी, जिसने पूरे संभाग में कोरिया को नई पहचान दी है। वर्तमान में पर्यटक यहां हाउस बोट, शिकारा, कैफेटेरिया और स्पीड बोट का आनंद ले रहे हैं। जिला प्रशासन के मुताबिक, पिछले दिसंबर से अब तक यहां 15 हजार से अधिक सैलानी पहुंच चुके हैं, जिससे स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिला है। डैम का एक हिस्सा जहां ‘शिवालय’ के रूप में आध्यात्मिक केंद्र बन रहा है, वहीं दूसरा हिस्सा कला और आर्थिक गतिविधियों का हब बन चुका है। नवनिर्मित ओपन थिएटर न केवल मनोरंजन का केंद्र बनेगा, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं के लिए एक सशक्त मंच साबित होगा। कोरिया महोत्सव के दौरान जिले के पारंपरिक लोक नृत्य, गीत-संगीत और नाटकों की प्रस्तुतियां मिनी स्टेडियम में आयोजित की जाएंगी, जिससे सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण होगा। कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने बताया कि कोरिया महोत्सव और झुमका डैम प्रदेश भर में पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। उन्होंने आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सोनहत में ट्री स्टे होम के बाद अब टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी शुरू करने की तैयारी चल रही है। इसके पूर्ण होते ही जिले में एक संपूर्ण टूरिज्म कॉरिडोर विकसित हो जाएगा, जिससे कोरिया की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर बनेगी। महोत्सव के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। 17 फरवरी से शुरू हो रहे इस आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात प्रबंधन तक के लिए रूट चार्ट जारी कर दिया गया है।


