छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के तीसरे चरण में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के चुकतीपानी नेवसा गांव का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और सरकारी योजनाओं का फीडबैक लिया। ग्रामीणों ने गांव में पेयजल व्यवस्था की समस्या बताई। सीएम साय ने जल जीवन मिशन में लापरवाही पर पीएचई विभाग के सबइंजीनियर नारायण सिंह कंवर को चौपाल के बीच फटकार लगाई। उन्होंने कहा, या तो ईमानदारी से काम करो या निलंबन के लिए तैयार रहो। यह सरकार का काम है, कोई मजाक नहीं। इसके बाद ‘गेट आउट’ कहकर वहां से हटा दिया। सीएम साय ने आम जनता से लिया फीडबैक दरअसल, राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे सुशासन तिहार के तीसरे चरण के तहत मुख्यमंत्री साय का हेलीकॉप्टर सोमवार को चुकतीपानी के नेवसा गांव में उतरा। मुख्यमंत्री ने यहां ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाई और सरकारी योजनाओं का फीडबैक सीधे आम जनता से लिया। ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याएं बताई, जिनमें सबसे अहम मुद्दा गांव में पीने के पानी की किल्लत का रहा। 27 में से आधे से अधिक हैंडपंप खराब, नल-जल योजना अधूरी ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कुल 27 हैंडपंप है, जिनमें से कई लंबे समय से खराब है। साथ ही नल-जल योजना अधूरी पड़ी है, जिससे घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। यह सुनकर मुख्यमंत्री नाराज हो गए और मंच से ही पीएचई विभाग के जिम्मेदार अधिकारी को बुलाया। सब इंजीनियर से जवाब-तलब, मंच से निकाला बाहर मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन में लापरवाही और पेयजल संकट पर सब इंजीनियर नारायण सिंह कंवर को बुलाया। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री की यह अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ जल पहुंचाना है। इस योजना को हल्के में न लें। इसके बाद उन्होंने सब इंजीनियर से सख्त लहजे में कहा, ‘या तो काम करो, नहीं तो सस्पेंड होने के लिए तैयार रहो। गेट आउट।’ ग्रामीणों ने लगाए मुख्यमंत्री समर्थन में नारे लगाए मुख्यमंत्री की इस कार्रवाई पर ग्रामीणों ने तालियां बजाईं और उनके समर्थन में नारे लगाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनहित की योजनाओं में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। …………………………………. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें सुशासन तिहार पर छत्तीसगढ़ में सियासी टकराव:डिप्टी सीएम साव ने कहा, ‘रामराज्य की शुरुआत’, बैज बोले- टाइम पास कर रही सरकार छत्तीसगढ़ सरकार के जनता से जुड़े अभियान सुशासन तिहार को लेकर सियासत जारी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इसे टाइम पास वाला कार्यक्रम बताया है। दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ सरकार के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इसे एक ऐसा अभियान बताया है, जिससे छत्तीसगढ़ में राम राज आएगा। पढ़ें पूरी खबर…


