सीएम साय ने रायपुर में दिया आशीर्वाद:नक्सल संगठन में करवा दी थी नसबंदी, सरेंडर के बाद अब विवाह, नसबंदी खुलने से मिल सकेगा संतान सुख

राजधानी समेत प्रदेश में मंगलवार को 6412 जोड़े अपनी अलग-अलग धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह सूत्र में बंधे। एक ही दिन में एक साथ हुई शादियों को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। इसका आयोजन मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत हुआ। नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी पहुंचे। नक्सली संगठन में पनपा प्यार मंगलवार को उस समय परवान चढ़ा, जब एक-दूसरे से विवाह कर आत्मसमर्पित नक्सली जोड़े ने जन्मों-जन्मों तक साथ रहने की कसम खाई। दरअसल नक्सली संगठन में सक्रिय रहने के दौरान दोनों के बीच प्यार पनपा। जब तक उनका प्यार परवान चढ़ पाता, नक्सलियों ने उनकी नसबंदी करवा दी। अपना परिवार बसाने का सपना लेकर दोनों ने नक्सली संगठन से बगावत कर दी और पुलिस के सामने आकर आत्मसमर्पण कर दिया। अब दोनों का विवाह हो चुका है तो वे साथ रह सकते हैं, लेकिन अब भी उनके सामने परिवार बढ़ाने की समस्या बनी हुई थी। जब डॉक्टरों ने उन्हें ये बताया कि उनकी नसबंदी खुल जाएगी, जिससे वे अपना परिवार भी बढ़ा पाएंगे तो अब वे अपनी संतान की उम्मीद के साथ परिवार के सपने सजा रहे हैं। हिड़मे से हुआ प्यार तो बामन की कर दी नसबंदी
दंतेवाड़ा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत हुई शादी में 191 जोड़ों में शामिल रहे बीजापुर जिले के नेशनल पार्क एरिया कमेटी की मिलिट्री प्लाटून में सक्रिय रहे बामन और हिड़मे भी सदा के लिए एक-दूसरे के हो गए। बामन व हिड़मे ने बताया कि वे बाल संघम के रूप में संगठन में शामिल हुए थे। आत्मसमर्पण करने से पहले बामन एसएलआर लेकर चलता था। बामन बताता है कि नक्सली संगठन में ही उसके साथ काम करने वाली हिड़मे कारम से उसे प्यार हो गया। जैसे ही इस बात की जानकारी संगठन के नेताओं को मिली, उन्होंने बामन की नसबंदी करवा दी। इधर हिड़मे ने बताया कि पुलिस के लगातार बढ़ते दबाव और मुठभेड़ों में नक्सलियों के मारे जाने से उसने बामन के सामने आत्मसमर्पण करने का प्रस्ताव रखा। इसके करीब महीनेभर बाद दोनों ने संगठन छोड़कर सितंबर में दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक के सामने सरेंडर कर दिया। बामन ने बताया नक्सली संगठन में प्यार करने की अनुमति बड़े लीडर्स से लेनी पड़ती है। वहां विवाह भी किया जा सकता है, लेकिन शर्त सिर्फ यही होती है कि शादी से पहले नसबंदी करवाना जरूरी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *