सीएम सुभाष स्कूल में स्टूडेंट्स के साथ करेंगे सूर्य नमस्कार:विवेकानंद जयंती पर प्रदेश के सभी स्कूलों में होगा सामूहिक सूर्य नमस्कार

स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय युवा दिवस 12 जनवरी को प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रदेश के समस्त स्कूलों में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के सुभाष उत्कृष्ट स्कूल और स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह नरसिंहपुर जिले के ग्राम डोभी के सीएम राइज स्कूल में विद्यार्थियों के साथ सूर्य नमस्कार और योग करेंगे। युवा दिवस के अवसर पर प्रदेश की समस्त शिक्षण संस्थाओं में प्रातः 9:30 से 10:15 बजे तक आकाशवाणी से प्रसारित होने वाले कार्यक्रम में राष्ट्रगीत वंदे-मातरम, स्वामी विवेकानंद का रिकार्डेड ऑडियो और मुख्यमंत्री डॉ. यादव के संदेश का प्रसारण होगा। इसके बाद रेडियो प्रसारण में दिए गए संकेतों के अनुसार सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी आकाशवाणी केन्द्रों से एक साथ प्रसारित किया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन सभी शिक्षण संस्थाओं में एक साथ-एक संकेत पर किया जाएगा। जिलों में होने वाले सामूहिक सूर्य नमस्कार के आयोजन में स्थानीय जन-प्रतिनिधि, विभिन्न शिक्षण संस्थाओं, समितियों एवं गणमान्य नागरिक भी सम्मिलित होंगे। इस आयोजन में कक्षा 6ठी से 12वीं तक के स्टूडेंट्स स्वैच्छिक रूप से शामिल होंगे। प्राथमिक शाला के बच्चे सूर्य नमस्कार में शामिल नहीं होंगे। कार्यक्रम में वे दर्शक के रूप में उपस्थित रह सकेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *