भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत अमृतसर जिले में कार्ड बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जिला प्रशासन ने जिले के विभिन्न गांवों, शहरों और कस्बों में 57 विशेष मोबाइल कैंप लगाकर लोगों के यह कार्ड बनाने का काम शुरू कर दिया है। जिला प्रशासन का दावा है कि जिले के 41 सेवा केंद्रों पर भी यह कार्ड बनाए जाएंगे, लेकिन अभी तक सेवा केंद्र पर यह काम शुरू नहीं हो सका है। हालांकि सेवा केंद्रों का स्टाफ जरूर इन कैंपों में लगाया गया है। इसके अलावा जिले के 486 कॉमन सर्विस सेंटरों (सीएससी) पर भी मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के कार्ड बनाए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ मिल सके। डिप्टी कमिश्नर अमृतसर दलविंदरजीत सिंह ने विशेष कैंपों का मौके पर दौरा कर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्ड बनवाने आए लोगों से बातचीत की और उनसे अपील की कि वे अन्य लोगों को भी योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि पंजाब सरकार का लक्ष्य राज्य के हर नागरिक को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना का कार्ड उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार को सालाना 10 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा कवर मिलेगा, जिससे गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक बोझ कम होगा। उन्होंने जानकारी दी कि अमृतसर जिले के 89 नामी अस्पतालों को मुफ्त इलाज के लिए सूचीबद्ध किया गया है। लाभार्थी इनमें से किसी भी अस्पताल में इलाज करवा सकते हैं। इसके अलावा सरकारी मेडिकल कॉलेज अमृतसर, गुरु नानक देव अस्पताल, सिविल अस्पताल, सब-डिवीजनल अस्पताल अजनाला और बाबा बकाला में भी कार्ड बनाए जा रहे हैं ।


