बिलासपुर। बिजली बिल बकायादारों के खिलाफ सीएसईबी ने सकरी उप संभाग में बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान 81 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए और 5 लाख 9 हजार 828 रुपए से अधिक का बकाया बिल वसूल किया गया। यह कार्रवाई 8 टीमों का गठन कर अचानक की गई। सकरी उपसंभाग में बिना बिल चुकाए लंबे समय से बिजली का उपयोग कर रहे उपभोक्ताओं के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत कुल 81 कनेक्शन काटे गए, जबकि 46 बकायादारों से मौके पर ही 5 लाख 9 हजार 828 रुपए की वसूली की गई। यह कार्रवाई बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अंबष्ट के निर्देश तथा अधीक्षण यंत्री सुरेश कुमार जांगड़े के मार्गदर्शन में की गई। विभाग ने बकाया राशि की वसूली और लाइन काटने के लिए कुल 8 टीमों का गठन किया था। अभियान के दौरान जिन उपभोक्ताओं पर सर्वाधिक बकाया था, उनमें आस्मा कॉलोनी के 7 कनेक्शन शामिल हैं। इन पर कुल 15 लाख 36 हजार रुपए का बकाया था, जिसके बाद उनके कनेक्शन काट दिए गए। बकाया राशि नहीं चुकाने पर कई लोगों के कनेक्शन काटे गए इसके अलावा, ग्राम मेंड्रा के राजकुमार पर 83,974 रुपए, संस्कृति विहार की साधना सूर्यवंशी पर 64,731 रुपए, पंकज कुमार पर 62,164 रुपए, आस्मा सिटी के राजेश वर्मा पर 51,006 रुपए, सकरी की पूजा साहू पर 44,233 रुपए, श्यामा साहू पर 44,016 रुपए, ग्राम सईदा के दीपक कुमार सूर्यवंशी पर 40,837 रुपए, सागरदीप के अनिल कुमार गुप्ता पर 39,120 रुपए, ग्राम सईदा की श्याम बाई पर 37,458 रुपए, रामा लाइफ सिटी के तरुण कुमार त्रिवेदी पर 37,116 रुपए और सकरी के परदेशी पर 35,779 रुपए बकाया पाए जाने के कारण उनके कनेक्शन काट दिए गए हैं। बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान में कार्यपालन यंत्री सिटी विजिलेंस सी.पी. गढ़ेवाल, एस.के. मुख्तार, पूर्णिमा सिंह, अनुपम सरकार, सहायक यंत्री प्रमोद कुमार चौबे, जीतेश दिव्य, वरदान खलखो, कनिष्ठ यंत्री कंचन खूंटे सहित सकरी उपसंभाग के कर्मचारी शामिल रहे।


