मधुकम खादगढ़ा में आदिवासी जमीन पर दखल-दिहानी दिलाने के दौरान 13 घरों को तोड़ने के मामले में प्रभावित परिवार अब मुखर हो गए हैं। प्रभावित परिवारों ने शनिवार को हेहल अंचलाधिकारी को जमीन मालिक की धोखाधड़ी के साक्ष्यों को सौंपा। प्रभावित परिवार के संजय कुमार साहू, अर्चना देवी, प्रेम कुमार साव, सीताराम चौधरी, सावित्री देवी सहित अन्य ने आवेदन देकर कहा है कि जमीन मालिक की धोखाधड़ी की वजह से 13 परिवार सड़क पर आ गए। इसमें कहा गया है कि मौजा मधुकम के खाता नंबर 179, प्लॉट नंबर 319 के 48 डिसमील जमीन पर वे पिछले 60 साल से घर बनाकर रह रहे हैं। निबंधित डीड से जमीन की खरीदारी की गई थी। इसके बाद महादेव उरांव उर्फ महादेव तिर्की ने जमीन वापसी कराने की धमकी देकर केस कर दिया। इससे डर कर सभी प्रभावित परिवारों ने महादेव तिर्की को 5.25 लाख रुपए प्रति कट्ठा की दर से दिया। कुल 1.08 करोड़ रुपए चेक-ड्राफ्ट के माध्यम से लिया। जांच कर दोषी जमीन मालिक पर कार्रवाई करने की मांग की है।


