राजस्थान रोडवेज की बसों को सुरक्षित सफर का पर्याय माना जाता है, लेकिन झुंझुनूं में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सरकारी दावों और यात्रियों के भरोसे पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। सीकर से दिल्ली जा रही रोडवेज बस के चालक को पुलिस ने शराब के नशे में बस चलाते हुए पकड़ा है। गनीमत रही कि पुलिस ने बस को स्टैंड से कुछ ही दूरी पर रोक लिया, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था। स्टैंड से निकलते ही धरे गए ‘नशेड़ी’ चालक जानकारी के अनुसार रोडवेज बस सीकर से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। जब बस झुंझुनूं पहुंची, तो यहाँ से दिल्ली जाने के लिए शंकर सहित 30 से अधिक सवारियां बस में बैठी थीं। जैसे ही बस स्टैंड से थोड़ी दूर पहुंची, पुलिस ने विशेष अभियान के तहत इसे रुकवाया। जांच करने पर चालक बुरी तरह शराब के नशे में पाया गया। पुलिस ने तुरंत बस को जब्त कर लिया और चालक को हिरासत में ले लिया। यात्रियों में बढ़ा रोष, पुलिस ने दिखाई तत्परता बस में सवार यात्रियों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की, लेकिन रोडवेज प्रशासन के प्रति गहरा रोष जताया। यात्रियों का कहना था कि “हम सरकारी बसों पर विश्वास करके बैठते हैं, लेकिन अगर 30-40 लोगों की जान की परवाह किए बिना चालक दिल्ली जैसे लंबे सफर पर नशे में निकलेगा, तो सुरक्षा कहां है?” पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सभी यात्रियों को बस से नीचे उतारा और उन्हें दूसरी बस के जरिए गंतव्य के लिए रवाना किया।
9 ड्राइवर गिरफ्तार, वाहन सीज ट्रैफिक इंचार्ज राधेश्याम सांखला ने बताया कि शहर में यातायात नियमों की अवहेलना और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई के तहत 9 चालकों को गिरफ्तार किया गया। नशे में धुत चालकों के वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। पकड़े गए वाहनों में एक निजी ट्रैवलिंग बस और रोडवेज बस शामिल हैं। सड़क सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। एक निजी और दो रोडवेज बसों के चालकों का नशे में मिलना बेहद चिंताजनक है। नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। राधेश्याम सांखला, ट्रैफिक इंचार्ज झुंझुनूं


