शीतलहर के चलते सीकर में आज तीसरे दिन भी पारा जमाव बिंदु के नीचे हैं। आज पारे में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। लेकिन पारा जमाव बिंदु से नीचे ही रिकॉर्ड किया गया है। अभी 2 दिन जिले में शीतलहर लहर चलने का अलर्ट है। ऐसे में यहां तेज सर्दी भी पड़ेगी। सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर आज सुबह न्यूनतम तापमान -1 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले गुरुवार को यहां न्यूनतम तापमान- 1.5 और अधिकतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया। दोपहर में भी शीतलहर के चलते तेज सर्दी का एहसास होना जारी है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार फिलहाल 13 और 14 दिसंबर को सीकर जिले में शीतलहर का अलर्ट है। इस दौरान पारा जमाव बिंदु के नीचे या जमाव बिंदु के करीब रह सकता है। 15 दिसंबर बाद शीतलहर से थोड़ी राहत मिल सकती है। आपको बता दे कि इस सीजन में अब तक केवल तीन बार न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु के नीचे रिकॉर्ड किया गया। बुधवार को न्यूनतम तापमान -1, गुरुवार को -1.5 और आज शुक्रवार को -1 डिग्री दर्ज किया गया। वही इस पूरे सीजन में अब तक केवल 19 और 20 नवंबर को ही जिले में घना कोहरा देखने को मिला।


