सीकर जिले में बुधवार को हुई बारिश ने सर्दी का अहसास बढ़ा दिया। जिला मुख्यालय समेत पूरे इलाके में मंगलवार रात से बुधवार शाम तक रुक-रुककर बारिश हुई, जिससे दिन के अधिकतम तापमान में 9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बारिश के बाद हल्की सर्दी बढ़ गई है, लेकिन आज सुबह से आसमान साफ हो गया है। श्रीमाधोपुर व अजीतगढ़ इलाके में हल्की बादलवाही है। आज सुबह सीकर जिलेभर में मौसम साफ है, हालांकि श्रीमाधोपुर और अजीतगढ़ इलाकों में हल्के बादल छाए हुए हैं। बीती रात भी कई जगहों पर बारिश हुई, जिससे सुबह 10 बजे तक गुलाबी सर्दी का अहसास हो रहा है। फतेहपुर के कृषि अनुसंधान केंद्र में आज न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि बुधवार को न्यूनतम 15.4 डिग्री और अधिकतम 21.0 डिग्री था। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल बारिश या तेज हवाओं का कोई अलर्ट नहीं है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, अगले 3 दिनों में सीकर के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेंगे। प्रदेश के दक्षिणी इलाकों में अगला एक सप्ताह ड्राई रहेगा। शेखावाटी क्षेत्र में फिलहाल प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज हो रहा है। अगले 2 दिनों में तापमान में मामूली गिरावट संभव है, लेकिन उसके बाद फिर से बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी।


