सीकर के मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। पिछले 3 दिन से रात को हल्की ठंड पड़ रही है। दिन-रात के तापमान में अभी लगभग 23 डिग्री का अंतर चल रहा है। ऐसे में मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़ रहे हैं। सुबह और देर शाम गुलाबी ठंड का एहसास है। दिन में तेज धूप के कारण मार्च की शुरुआत में ही पसीने छूट रहे हैं। दिन का तापमान फाल्गुन महीने में ही 35 डिग्री के करीब पहुंच गया है। सीकर जिले के पूर्वी इलाकों में हल्के बादल भी छाए हैं। तापमान फिलहाल अगले 2-3 दिन स्थिर रहने का अनुमान है। बात करें सीकर के तापमान की तो आज सीकर के फतेहपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले सोमवार को न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री दर्ज किया गया था। सीकर में 2-3 दिनों से रात के तापमान में एक बार फिर गिरावट आई है। ऐसे में रात को हल्की सर्दी का अहसास हो रहा है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार इस बार गर्मी जल्दी शुरु हो गई है। क्लाइमेंट चेंज का असर देखने को मिल रहा है। सीकर समेत पूरे शेखावाटी इलाके में दिन में तेज धूप पड़ रही है तो वहीं, रात के तापमान में बार-बार बदलाव हो रहा है। पिछले 3-4 दिन से आसमान लगातार साफ होने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी और रात के तापमान में हल्की गिरावट देखी जा रही है। हालांकि आज सुबह का न्यूनतम तापमान 2 डिग्री की गिरावट के साथ दर्ज हुआ है। अगले 4 दिन तक तापमान स्थिर रहने की संभावना है। इसके बाद फिर एक बार बादलों की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।


