सीकर में पॉलिटिकल पार्टियों के खिलाफ हुए लामबंद:सवर्ण अधिकार मंच का गठन, UGC मामले में सवर्ण समाज का समर्थन नहीं करने से नाराजगी

सीकर में आज सवर्ण अधिकार मंच का गठन किया गया। UGC के नए नियमों के लागू होने पर किसी पॉलिटिकल पार्टी का समर्थन नहीं मिलने से सवर्ण समाज में रोष है। आज सवर्ण अधिकार मंच का गठन करने के साथ ही UGC नोटिफिकेशन के खिलाफ सामूहिक संघर्ष का ऐलान किया गया है। ब्राह्मण, राजपूत, महाजन, कायस्थ और जैन समाज के डेलीगेट्स ने आज प्रेस वार्ता में सवर्ण अधिकार मंच के गठन की घोषणा की।
प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने कहा कि UGC के नए नोटिफिकेशन में सवर्ण समाज को एकतरफा रूप से ‘खलनायक’ के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जो संविधान में मिले समानता के अधिकार के खिलाफ है। इसी अन्याय के खिलाफ सवर्ण समाज की संगठित, सामूहिक और राष्ट्रीय स्तर की आवाज को मजबूती देने के लिए सवर्ण अधिकार मंच का गठन किया गया है, जो आने वाले समय में सवर्ण समाज के अधिकारों की रक्षा हेतु एक सशक्त मंच बनेगा।
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष व विप्र सेना राष्ट्रीय संगठन महामंत्री महेश शर्मा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट से हमारी मांग है कि UGC की समिति से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को हटाकर न्यायाधीशों, यूनिवर्सिटी व कॉलेज कैंपस में स्टूडेंट्स यूनियन के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाए। यूनिवर्सिटी में वास्तविक वातावरण और भेदभाव की स्थिति को वही समझ सकते हैं जो प्रत्यक्ष रूप से वहां पढ़ रहे हैं, वोट की राजनीति करने वाले राजनेता नहीं।
सवर्ण अधिकार मंच के संरक्षक अशोक माथुर ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता का अधिकार देता है, फिर ऐसे अन्यायपूर्ण और भेदभावपूर्ण कानूनों की कोई जरूरत नहीं है। यदि कहीं भेदभाव होता है तो भेदभाव करने वालों को दंडित किया जाना चाहिए, किसी एक व्यक्ति की गलती से पूरे समाज को गलत साबित नहीं किया जा सकता।
संरक्षक अरुण फागलवा ने कहा कि सवर्ण समाज सदैव ने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से त्याग और समर्पण किया है, लेकिन इस प्रकार के अन्यायपूर्ण कानूनों के प्रति अब समाज को सजग, संगठित और सतर्क होने की जरूरत है। संरक्षक शशि दीवान ने कहा कि UGC जैसा कानून लागू करने की प्रक्रिया में जो सवर्ण समाज से जुड़े लोग शामिल हैं, उनसे यह पूछा जाना चाहिए कि उन्होंने सवर्ण समाज के बच्चों के भविष्य के साथ यह अन्याय क्यों होने दिया?
अधिकार मंच के संरक्षक सुरेश अग्रवाल और प्रवक्ता सुरजभान सिंह चैनपुरा ने कहा कि UGC का नया नोटिफिकेशन समाज को आपस में बांटने का काम करेगा। इससे शिक्षा का वातावरण सुधारने के बजाय भय और अविश्वास का माहौल बनेगा। सवर्ण समाज ने हमेशा संविधान, कानून और राष्ट्रहित में विश्वास रखा है, लेकिन जब कानून ही किसी एक वर्ग को पूर्वाग्रह के आधार पर दोषी ठहराने लगे तो उसके खिलाफ शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संगठित संघर्ष किया जाएगा।
लड्‌डूदास महाराज ने कहा कि सवर्ण समाज ने भाजपा को अपना हितैषी मानकर तन-मन-धन से सहयोग किया, लेकिन इस अन्यायपूर्ण निर्णय ने सवर्ण समाज को भविष्य में भाजपा वोट देने से पहले सोचने पर मजबूर कर दिया है। प्रेस वार्ता में पंडित लोकनाथ, सुदर्शन सिंह, राजनारायण माथुर, उमेश माथुर, गौरव दीक्षित, सुरेश पारीक, सुरेंद्र माथुर, रजनीश माथुर, उमेश माथुर, सुमिलदत्त शर्मा, नरेंद्र सिंह देवगढ़, चंदन सिंह शेखावत, सुशील माटोलिया, ओम पटवारी पिपराली समेत सवर्ण समाज के कई लोग मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *