सीकर समेत शेखावाटी में इस बार गर्मी ने वक्त से पहले ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मार्च महीने के पहले सप्ताह में ही सीकर के लोग तीखी धूप से परेशान होने लगे हैं। जिले में दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। दिन-रात के तापमान में 26-27 डिग्री का अंतर हो गया है। फिलहाल लोग धूप और गर्मी से परेशान हैं। मार्च महीने के पहले सप्ताह में भी कई जगह खाली सड़कों की स्थिति बनने लगी है। सीकर के फतेहपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र पर आज का अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले आज सुबह का न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री और शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री दर्ज किया गया था। सीकर में पिछले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में काफी बढ़ोतरी देखने को मिली है। 5 दिन मौसम ड्राई रहेगा मार्च के पहले सप्ताह में ही पारा 37.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक है। अगले 5 दिनों तक मौसम ड्राई बना रहेगा। अब सीकर में दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम होने लगी है। लोग चेहरे को कपड़े से ढककर बाहर निकल रहे हैं। राहत की बात यह है कि न्यूनतम तापमान अभी भी 10.9 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ है। यानी रात और सुबह के समय हल्की ठंड का अहसास बरकरार है। मौसमी बीमारियों को खतरा बढ़ा तापमान में दिन-रात के बड़े अंतर (करीब 26 डिग्री का अंतर) के कारण मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। इस बार गर्मी जल्दी आने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। गेहूं की फसल को पकने के लिए अभी हल्की ठंडक की जरूरत है, लेकिन तेज धूप से दाना जल्दी सूखने की आशंका है।


