सीकर के भैरूपुरा में स्थित क्रिकेट एकेडमी में आज से 69वें अंडर-14 नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज हो गया है। इस टूर्नामेंट में देशभर की कुल 30 टीमों के 480 क्रिकेटर्स हिस्सा ले रहे हैं। आज UDH राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा, आईपीएल प्लेयर मुकुल चाैधरी, धोद विधायक गाेवर्धन वर्मा, IPS मनोज महरिया ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच राजस्थान व गुजरात के बीच खेला जा रहा है, टाॅस राजस्थान टीम ने जीता। सीकर जिले के 8 क्रिकेट ग्राउंड्स को टूर्नामेंट के सभी मैच खेलने के लिए तैयार किया गया है। 25 जनवरी को टूर्नामेंट का समापन होगा। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित अंडर-14 स्कूली नेशनल क्रिकेट प्रतियोगिता 19 से 25 जनवरी तक चलेगी। टूर्नामेंट में विवादों से बचने के लिए अनुभवी अंपायर्स का पैनल नियुक्त किया गया है। खिलाड़ियों की व्यवस्था के लिए 14 समितियां बनाई गई हैं। टूर्नामेंट उद्घाटन के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि हमारे ग्रामीण इलाकों के खिलाड़ी आज अंतर्राष्ट्रीय लेवल पर अपना टैलेंट दिखा रहे हैं। आज क्रिकेट एकेडमी तक आने के लिए मेहमानों को काफी उबड़-खाबड़ रास्ते से आना पड़ा, जल्द ही सीकर यूआईटी से क्रिकेट एकेडमी तक डामर रोड का प्रपोजल मंगवाया जाएगा। अतिथियों ने एकेडमी के खिलाड़ी रहे आईपीएल प्लेयर मुकुल चौधरी के नाम पर बने पवेलियन का उद्घाटन किया। एलिमेंट्री डीईओ किरण सैनी ने टूर्नामेंट के शुभारंभ की घोषणा की। क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजन समिति के अध्यक्ष मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह शेखावत ने टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर पूरी जानकारी दी। उद्घाटन सत्र में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। इससे पहले सभी टीमों ने मार्च पास्ट की और राज्यमंत्री खर्रा ने परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में एकेडमी के खिलाड़ियों व सभी कोच का सम्मान किया गया। अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट में शामिल होने के लिए सभी टीमों के खिलाड़ी पहुंच चुके हैं। सीडीईओ सुरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि सभी 30 टीमों में शामिल 16-16 खिलाड़ियों की व्यवस्थाओं के लिए 150 अधिकारियों को नियुक्त किया गया है, जो कंट्रोल रूम, डिसिप्लिन, काॅर्डिनेशन, स्पोर्ट्स ग्राउंड, मटेरियल, लंच-डिनर, नाइट स्टे, कल्चरल प्रोग्राम, मेडिकल फैसिलिटी और आवागमन की व्यवस्था संभाल रहे हैं। टूर्नामेंट में देश के विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, सीबीएसई, केंद्रीय विद्यालय संगठन और नवोदय विद्यालय संगठनों के खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं।


