पहाड़ों में हुई बर्फबारी और सर्द हवाओं के कारण सागर में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। सुबह और रात के साथ ही दिन में भी कंपकंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। हवाओं में ठंडक होने से लोग ठिठुरन महसूस कर रहे हैं। अचानक बढ़ी सर्दी से दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है। शुक्रवार शाम सागर में सर्दी के इस सीजन का सबसे कम रिकॉर्ड न्यूनतम पारा 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सर्द हवाएं चलने से 12 घंटों में रात के तापमान में 3.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शनिवार सुबह से मौसम साफ रहा। धूप खिली। कोल्ड वेव चलने से कड़ाके की सर्दी में लोग ठिठुरते हुए नजर आए। गर्म कपड़े पहनकर लोग बाजार में निकले। सागर का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री और न्यूनतम पारा 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, मध्यप्रदेश में पिछले पांच दिनों से सर्द हवाएं चल रही हैं। जिससे सर्दी का असर बढ़ा है। अगले 4 दिनों तक कड़ाके की सर्दी पड़ने का अनुमान है। उत्तर भारत में बर्फबारी होने से सर्द हवाएं प्रदेश में आ रही हैं। इस कारण ज्यादातर हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पश्चिमी-उत्तर भारत में 12.6 किमी की ऊंचाई पर 278 किमी प्रति घंटे की गति से बस ट्रॉपिकल जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। हवाओं की ऊंचाई कम होगी या रफ्तार तेज होगी तो ठंड का असर और बढ़ जाएगा। उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस और निकटवर्ती क्षेत्रों में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम एक्टिव है। इस वजह से बर्फ पिघल रही है। जिसके असर से भी हवा में ठंडक है। सागर जिले में आंगनवाड़ी केंद्रों के समय में परिवर्तन
जिले में लगातार तापमान में गिरावट के कारण बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर संदीप जीआर ने आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बदलाव के निर्देश दिए। जिस पर आदेश जारी किया गया। जारी आदेश के अनुसार सागर जिला में संचालित सभी आंगनवाड़ी केंद्र सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका केंद्रों पर सुबह 9 बजे उपस्थित होकर शाम 4 बजे तक विभागीय गतिविधियों का क्रियान्वयन करेंगी।


