भास्कर न्यूज | बेमेतरा सीजीपीएससी की राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे व दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी। इसके लिए तीन केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें पीजी कॉलेज, लक्ष्मण प्रसाद बैद्य शासकीय कन्या कॉलेज व बालक उच्चतर माध्यमिक स्कूल बेमेतरा शामिल हैं। इन केंद्रों में कुल 1 हजार 374 परीक्षार्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि समय पर सत्यापन व जांच की प्रक्रिया पूरी की जा सके। परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट पूर्व मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। कलेक्टर ने डिप्टी कलेक्टर को परीक्षा के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। पुलिस प्रशासन के सहयोग से परीक्षा सामग्री की सुरक्षित आपूर्ति, नकल रोकने और आकस्मिक निरीक्षण के लिए एक उड़नदस्ता दल का गठन भी किया गया है। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर से जांच व फ्रिस्किंग की जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर एक पुरुष व एक महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह के वस्त्र पहनकर आने, जूते के स्थान पर चप्पल पहनने व किसी भी प्रकार के आभूषण न पहनने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा कक्ष में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी सहित अन्य सामग्री प्रतिबंधित रहेगी। प्रश्नपत्र के प्रवेश पत्र का प्रिंट एक ही तरफ से निकालकर लाना अनिवार्य होगा। प्रवेश पत्र के साथ फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र जैसे मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या आधार कार्ड परीक्षा केंद्र में लाना आवश्यक है, अन्यथा प्रवेश नहीं दिया जाएगा।


