सीजी पीएससी: 5 केंद्रों में 1603 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे

भास्कर न्यूज | मुंगेली छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 का आयोजन 22 फरवरी को होगा। मुंगेली जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 5 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,603 अभ्यर्थी अपना भाग्य आजमाएंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कमर कस ली है। जिले में सुचारू संचालन के लिए पांच शैक्षणिक संस्थानों को डॉ. ज्वाला प्रसाद मिश्र शासकीय विज्ञान महाविद्यालय, शासकीय एसएनजी महाविद्यालय, बीआर. साव शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला नगर पालिका और शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्या शाला को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। आयोग ने शुचिता बनाए रखने के लिए इस बार बेहद कड़े नियम लागू किए हैं। परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर हर अभ्यर्थी की हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह के कपड़े और चप्पल पहनकर आना अनिवार्य है। मोटे सोल वाले जूते या ऊंची हील के सैंडल पहनकर आने पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण या जेवर पहनकर प्रवेश वर्जित रहेगा। कलेक्टर ने सभी परीक्षार्थी अपने निर्धारित केंद्र पर कम से कम 2 घंटे पूर्व पहुंचें। परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र, मूल फोटो पहचान पत्र, काला या नीला बॉलपॉइंट पेन और पारदर्शी पानी की बोतल लाना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *