सीधी कलेक्टर कार्यालय की पार्किंग में गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे जमकर लात-घूंसे और चप्पल चले। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हुआ है। इसमें एक व्यक्ति दूसरे के साथ मारपीट करता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि मारपीट करने वाले कौन हैं? कहां के रहने वाले हैं? कहां जा रहे थे? इस बात का अंदाजा नहीं लगाया जा रहा है। वायरल वीडियो करीब ढाई मिनट का है। सूत्रों की मानें तो करीब 40 मिनट तक पहले दोनों में विवाद होता रहा। फिर मारपीट करने लगे। आसपास खड़े लोगों ने बताया कि वे पड़खुड़ी गांव का नाम ले रहे थे जो कि जमोड़ी थाना अंतर्गत आता है। दोनों वहीं के रहने वाले हैं और रिश्ते में पिता और पुत्र बताए जा रहे हैं। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि यह किस बात पर झगड़ा कर रहे थे। बता दें कि कलेक्टर परिसर में धारा 144 लागू है। इसके बाद भी इस प्रकार का कृत्य होना यहां की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा कर रहा है। वहीं एसडीएम नीलांबर मिश्रा ने बताया कि अभी इस घटना की जानकारी नहीं है। लोगों ने बताया है कि मारपीट हुई है और वीडियो वायरल हुआ है। हम जांच कर नियम अनुसार कार्रवाई करेंगे।


