सीधी के संजय टाइगर रिजर्व से सटे मोहन रेंज के अंतर्गत कुसमी क्षेत्र की ग्राम पंचायत भगवार में सोमवार रात एक जंगली भालू रिहायशी इलाके में घुस आया। यह घटना रात करीब 9 बजे हरिजन बस्ती की है। इससे ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया। पीपल के पेड़ पर चढ़कर खा रहा था शहद ग्रामीणों ने बताया कि बस्ती के पास एक घर के पास पुराने पीपल के पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता लगा हुआ है। भालू शहद खाने के लिए पेड़ पर चढ़ गया और कुछ देर तक वहीं रुका रहा। इसी दौरान मधुमक्खियों की तेज भनभनाहट और पेड़ की हलचल से लोगों को कुछ गड़बड़ होने का अंदेशा हुआ। भालू को देखकर ग्रामीणों ने मचाया शोर जैसे ही भालू पेड़ से नीचे उतरा, ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई। भालू को देखते ही मोहल्ले के लोगों में शोर मच गया। लोग घरों से बाहर निकल आए और टॉर्च जलाकर और आवाजें कर उसे भगाने की कोशिश करने लगे। अचानक हुए शोर से घबराया भालू गांव में ज्यादा देर नहीं रुका। वह नदी की दिशा में भागता हुआ जंगल की ओर चला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, हालांकि दो मवेशी घायल हो गए। वन विभाग ने की सतर्क रहने की अपील घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब जंगली जानवर गांव तक पहुंचे हों। इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। इस संबंध में एसडीओ सुधीर मिश्रा ने बताया कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा है। भालू खेतों में फसल खाने के लिए आया था, जिसे ग्रामीणों ने भगा दिया। उन्होंने कहा कि जंगल से सटे गांवों में जंगली जानवरों का आना सामान्य है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।


