सीधी जिले के रामपुर नैकिन क्षेत्र के बरदैला अंचल में जंगली हाथियों की मौजूदगी से दहशत का माहौल है। वन विभाग के अनुसार, दो से तीन हाथी इस इलाके में घूम रहे हैं, जो खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। सोमवार रात 8 बजे ग्राम बरदैला में हाथियों के देखे जाने की पुष्टि हुई है। हाथियों की सूचना मिलते ही वन विभाग की 13 सदस्यीय टीम सक्रिय हो गई है। चुरहट रेंज के रेंजर नवीन सिंह खुद इस सर्चिंग ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। टीम का मुख्य उद्देश्य हाथियों को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित तरीके से वापस जंगल की ओर मोड़ना है। विभाग की टीम स्थानीय वनकर्मियों के साथ मिलकर लगातार हाथियों की लोकेशन ट्रैक कर रही है। ग्रामीणों के लिए विशेष सावधानी की अपील वन विभाग ने हाथियों के खतरे को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि हाथी बहुत तेज गति से चलते हैं, इसलिए कोई भी उनके पास जाने या उन्हें उकसाने की कोशिश न करे। हाथियों के मूवमेंट को लेकर फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान न दें। सूचना मिलने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें। इन गांवों में अलर्ट जारी एहतियात के तौर पर बरदैला के साथ-साथ समीपवर्ती गांव घुंघुटा, खैरी, वेलकसरी, बरसजिहा और चंदरेह के निवासियों को भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। वन विभाग की टीम वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में इन इलाकों में लगातार गश्त कर रही है।


