सीधी जिले के ग्राम पड़खुरी में बुधवार दोपहर एक 7 फीट लंबा मादा अजगर राम गरीब पटेल के घर में घुस गया। ग्रामीणों ने बताया कि यह अजगर पिछले 10 दिनों से गांव में मंडरा रहा था और पहले भी कुत्ते के बच्चे और एक बिल्ली इसका शिकार बन चुके थे। वन विभाग ने किया रेस्क्यू बुधवार को लगभग 3 बजे अजगर फिर से घर में प्रवेश कर गया। परिवार छोटे बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए तुरंत वन विभाग को सूचित किया। वनपाल पंकज मिश्रा के नेतृत्व में टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने मादा अजगर को सुरक्षित पकड़कर बाहर निकाल लिया। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ भी जमा हो गई थी। विभाग की लोगों से सतर्क रहने की अपील वन विभाग ने बताया कि गर्मियों में सांप और अजगर अक्सर ठंडी और छायादार जगहों की तलाश में घरों की ओर आते हैं। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि ऐसे जानवर दिखाई देने पर घबराने या स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें और तुरंत वन विभाग के कंट्रोल रूम को सूचित करें, ताकि सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।


