बारां में धार्मिक आयोजन में बेहोश हुए युवक की सीपीआर देकर जान बचाई गई। शहर में रविवार शाम हिंदू नववर्ष के स्वागत में शोभायात्रा निकाली जा रही थी। शोभायात्रा में अखाड़ा के करतब दिखाते समय एक युवक अचानक बेहोश होकर गिर गया। युवक की सांसें उखड़ने लगी। इस दौरान वहां मौजूद सिद्धार्थ शर्मा और हेमराज ने बेहोश युवक को काफी देर तक सीपीआर दी। इससे युवक की सांसें लौट आईं। सीपीआर देने का सीसीटीवी फुटेज सोमवार को सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है कि युवक अचेत अवस्था में लेटा हुआ है। कुछ लोग सीपीआर देकर उसे बचाने की कोशिश कर रहे हैं। बेहोश होकर युवक गिरा, सीपीआर देकर बचाया
भाजपा नेता सिद्धार्थ शर्मा ने बताया- भारतीय नववर्ष 2082 का स्वागत करने के लिए बारां शहर में श्रीराम स्टेडियम से रविवार शाम 4:30 बजे से शोभायात्रा निकाली जा रही थी। शोभायात्रा में 25 घोड़े, 50 बुलेट सवार युवा और 21 आकर्षक झांकियां शामिल थीं। डीजे की धुन और ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोग नाचते-गाते चल रहे थे। शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शाम 5:30 बजे अस्पताल रोड पर पहुंची। इस दौरान अखाड़ा खेलते समय अभिषेक (28) अचानक बेहोश होकर गिर गया। उसे तुरंत उठाकर दुकान में लेकर गए। वहां मैंने और हितेश खंडेलवाल ने युवक को बारी-बारी से सीपीआर दी। सीपीआर के बाद जैसे ही उसके शरीर में हलचल हुई तो लोगों ने खुशी से जयकारा लगा दिया। इसके बाद युवक घर चला गया। सीपीआर क्या है?
सीपीआर का पूरा नाम कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन है। यह एक प्रोसीजर है, जिसमें पेशेंट के सीने को कंप्रेस करके और मुंह से मुंह में सांस देकर उसकी जान बचाई जा सकती है। किसी व्यक्ति की दिल की धड़कन या सांस रुकने पर सीपीआर दिया जाता है।


