भास्कर न्यूज | कोरबा छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल से संबद्ध स्कूलों खासकर सरकारी स्कूलों में पढ़ने वालों की संख्या लगातार घट रही है, जबकि जिले में संचालित सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों की संख्या बढ़ने के साथ ही छात्रों की संख्या बढ़ती जा रही है। माना जा रहा है कि इसके पीछे अहम कारण अभिभावकों की रुचि सीजी बोर्ड से संबद्ध स्कूलों में अपने बच्चों को पढ़ाने को लेकर कम होना है। सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों में से निजी स्कूलों की 25 प्रतिशत सीटों पर आरटीई में चले जाना भी एक कारण है। सरकारी स्कूलों में से 55 को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट स्कूल का नाम दे दिया, जिनमें से 15 अंग्रेजी माध्यम से संचालित हो रहे हैं, लेकिन इनमें से 12 स्कूलों ने अब तक सीबीएसई से मान्यता नहीं ले पाए हैं। उनके यहां के छात्र सीजी बोर्ड परीक्षा में ही बैठ रहे हैं। जब ये स्कूल सीबीएसई से संबद्ध हो जाएंगे तो सीजी बोर्ड के परीक्षार्थियों की संख्या और भी कम हो जाएगी। सत्र 2021-22 में जिले से सीजी बोर्ड परीक्षा में 27138 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। यह संख्या चालू सत्र 2025-26 में घटकर 22287 पहुंच गई है। पांच सालों में 4851 छात्र कम हो गए हैं। हर ब्लॉक में खुल गए सीबीएसई से संबद्ध स्कूल 5 साल पहले तक सीबीएसई से संबद्ध केवल निजी स्कूल हुआ करते थे। ऐसे स्कूलों की संख्या जिले में िसर्फ 24 थी। अब हर ब्लॉक में सीबीएसई से संबद्ध अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खुल गए हैं। वर्तमान में सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों की संख्या 37 है। सीबीएसई स्कूलों के परीक्षार्थियों की संख्या इन पांच सालों में 1800 से इस सत्र में 4088 पहुंच गई है। हालांकि इसमें 3 सीबीएसई पैटर्न के सरकारी आत्मानंद स्कूल के छात्र भी शामिल हैं।


