बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मंगलवार को जनदर्शन में आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान जाति प्रमाण पत्र नहीं बनने और सीमांकन रिपोर्ट जारी करने में देरी की शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। कलेक्टर ने बिल्हा एसडीएम को इन मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बिल्हा विकासखंड के ग्राम बिटकुली निवासी महादेव नेताम ने शिकायत की कि उनके बच्चों के स्थायी जाति प्रमाण पत्र नहीं बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके पास स्वयं की भूमि नहीं है, जबकि उनके चाचा के बेटों को इसी आधार पर स्थायी जाति प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं। नेताम ने अपने बच्चों के लिए भी समान आधार पर प्रमाण पत्र जारी करने की मांग की। सीमांकन रिपोर्ट जारी करने में देरी लोफंदी निवासी तिजराम पटेल ने तहसीलदार पर सीमांकन रिपोर्ट जारी करने में हीलाहवाला करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि राजस्व निरीक्षक और पटवारी की ओर से रिपोर्ट प्रस्तुत किए छह माह से अधिक समय बीत चुका है, इसके बावजूद उन्हें अब तक सीमांकन रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई है। त्वरित कार्रवाई के निर्देश कलेक्टर संजय अग्रवाल ने तिजराम पटेल के आवेदन को संबंधित एसडीएम को भेजते हुए नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में राजस्व, प्रमाण पत्र, सीमांकन सहित विभिन्न विषयों से जुड़े अनेक आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें संबंधित विभागों को भेजकर जल्द निराकरण करने को कहा गया।


